कार से आए चोर, ताला टूटा लेकिन खाली हाथ लौटे… PGI इलाके की CCTV फुटेज ने खोला राज

लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र के कल्ली पश्चिम बाजार में देर रात चोरों ने एक ई-रिक्शा एजेंसी को निशाना बनाकर चोरी का प्रयास किया, हालांकि वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के मनोहरपुर गांव निवासी रवि प्रकाश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कल्ली पश्चिम बाजार में उनकी उषा इंटरप्राइजेज के नाम से ई-रिक्शा की एजेंसी संचालित है। मंगलवार देर शाम वह रोज़ की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है, जिससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई।

दुकान के अंदर जाकर जांच करने पर पाया गया कि ई-रिक्शा और अन्य सामान सुरक्षित रखा हुआ है। इसके बाद उन्होंने एजेंसी में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें साफ दिखाई दिया कि देर रात एक कार आकर दुकान के सामने रुकी। कार से उतरे तीन संदिग्धों ने पहले रेकी की, फिर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया। हालांकि, बड़े शटर का ताला न टूट पाने के कारण चोर चोरी करने में असफल रहे और मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में जांच-पड़ताल की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के सहारे कार और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।