लखनऊ में भारतीय पूर्व सैनिक बैंक कर्मचारी संघ की यूपी ग्रामीण बैंक इकाई का राज्य स्तरीय सम्मेलन

लखनऊ। लखनऊ में स्थित होटल विश्वनाथ में भारतीय पूर्व सैनिक बैंक कर्मचारी संघ (BPSBKS) की उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक इकाई का राज्य स्तरीय सम्मेलन शनिवार को आयोजित किया गया। सम्मेलन का उद्घाटन संघ के राष्ट्रीय महामंत्री श्री चंद्रशेखर अवस्थी ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया, जबकि सम्मेलन की अध्यक्षता BPSBKS उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष के.पी. सिंह ने की।

इस अवसर पर राष्ट्रीय संयोजक बी.बी. सिंह, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राकेश कुमार, BPSBKS उत्तर प्रदेश के महामंत्री मृगांक, यूपी ग्रामीण बैंक इकाई के अध्यक्ष सचित कुमार, महामंत्री श अमित बाजपेई सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के लगभग 30 जिलों से आए करीब 75 पूर्व सैनिक बैंक कर्मचारियों ने भाग लिया।

सम्मेलन के दौरान उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में कार्यरत पूर्व सैनिक कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर गंभीर चर्चा की गई। प्रमुख रूप से पे-फिटमेंट, गृह जनपद में स्थानांतरण, सेवा शर्तों से जुड़ी दिक्कतों तथा दैनिक बैंकिंग कार्यों में आने वाली व्यावहारिक बाधाओं के मुद्दे उठाए गए। वक्ताओं ने कहा कि पूर्व सैनिक देश सेवा के बाद बैंकिंग क्षेत्र में भी ईमानदारी और अनुशासन के साथ कार्य कर रहे हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।

सम्मेलन में यह निर्णय लिया गया कि पूर्व सैनिक बैंक कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं को संबंधित बैंक प्रबंधन एवं उच्च अधिकारियों तक संगठित रूप से पहुंचाया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द उचित समाधान निकल सके। सम्मेलन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।