लखनऊ। निगोहां में आयोजित डॉ. पी.सी. मिश्रा क्रिकेट टूर्नामेंट सोमवार को रोमांच से भरपूर रहा। टूर्नामेंट में निगोहां प्रेस क्लब की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने लगातार दो मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि एशिया के सबसे लंबे व्यक्ति 8 फुट 2 इंच लंबे धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने टॉस कराकर किया। उनकी मौजूदगी से खिलाड़ियों का उत्साह काफी बढ़ा।
पहला लीग मुकाबला निगोहां प्रेस क्लब और अयोध्या रूदौली आरएनसी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर रूदौली आरएनसी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बावजूद निगोहां प्रेस क्लब के बल्लेबाजों ने आक्रामक खेल दिखाया। टीम ने 15 ओवर में 177 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी अयोध्या रूदौली आरएनसी की टीम 11 ओवर में 105 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह निगोहां प्रेस क्लब ने 71 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। इस मैच में मो. सैफ ने 26 गेंदों पर 46 रन बनाए और 2 विकेट भी लिए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इसके बाद खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में निगोहां प्रेस क्लब का सामना नवीन इलेवन एकादशी से हुआ। नवीन इलेवन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की। बल्लेबाजी करते हुए निगोहां प्रेस क्लब ने फिर दमदार प्रदर्शन किया। टीम ने 15 ओवर में 170 रन बनाए।
जवाब में नवीन इलेवन एकादशी की टीम 13 ओवर में 120 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस मुकाबले में भी मो. सैफ ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने 31 रन बनाए और 4 विकेट झटके। इसके लिए उन्हें लगातार दूसरी बार मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।

मैच के दौरान निगोहां प्रेस क्लब के अध्यक्ष विमल सिंह चौहान, उपाध्यक्ष मोइन खान सहित कई वरिष्ठ पत्रकार और सदस्य मैदान में मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। बड़ी संख्या में स्थानीय खेल प्रेमी भी मैच देखने पहुंचे।
निगोहां प्रेस क्लब की इस जीत से क्षेत्र में खेल भावना, अनुशासन और पत्रकार एकता का सकारात्मक संदेश गया है।
(लखनऊ से मुकेश द्विवेदी की रिपोर्ट)