लखनऊ। वरिष्ठ समाजसेवी नागेश्वर द्विवेदी ने अपने जन्मदिन को पारंपरिक उत्सव से अलग एक सामाजिक जागरूकता अभियान के रूप में मनाया। उन्होंने शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों से किसी भी तरह का भौतिक उपहार न देने की अपील करते हुए शाकाहार अपनाने और नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
इस उद्देश्य को लेकर मोहनलालगंज क्षेत्र के विभिन्न गांवों में गोष्ठियों का आयोजन किया गया। निगोहा क्षेत्र के मस्तीपुर गांव में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए नागेश्वर द्विवेदी ने कहा कि भारत एक पावन और पुण्यभूमि है, जहां देवी-देवताओं ने अवतार लेकर समाज को सदाचार और मानवता का मार्ग दिखाया है। ऐसी भूमि पर जन्म लेना हम सभी के लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में शाकाहार, अहिंसा और जीवों के प्रति करुणा को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। यदि समाज को स्वस्थ और सशक्त बनाना है तो प्रत्येक व्यक्ति को शाकाहारी जीवन शैली अपनानी चाहिए।
नशामुक्ति पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी कमजोर करता है। नशामुक्त समाज ही विकास, सुख-शांति और सकारात्मक सोच की नींव रख सकता है।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे नशे से दूर रहेंगे और मांसाहार का त्याग करेंगे। गोष्ठी में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, समाजसेवी और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।