ठंड में बेसहारों की सुध: नगर आयुक्त ने देर रात रैन बसेरों का औचक निरीक्षण

लखनऊ। कड़ाके की ठंड के बीच बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के लिए नगर निगम पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार देर रात नगर आयुक्त गौरव कुमार ने जोन-4 के चिनहट क्षेत्र में स्थित स्थायी और अस्थायी रैन बसेरों का औचक निरीक्षण कर जमीनी हकीकत परखी।

नगर आयुक्त ने चिनहट एल्डिको स्थित रैन बसेरा, चिनहट बाजार और गोमती नगर के मिठाई वाले चौराहे पर बनाए गए अस्थायी रैन बसेरों का निरीक्षण किया। इस दौरान रैन बसेरों में ठहरे लोगों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण का उद्देश्य ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक आश्रय उपलब्ध कराना रहा।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त के साथ अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, नम्रता सिंह, डॉ. अरविंद कुमार राव, मुख्य अभियंता महेश वर्मा, जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी, नगर अभियंता जोन-4 अतुल मिश्रा, जोनल सेनेटरी ऑफिसर पंकज शुक्ला सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों की टीम ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बिस्तर, कंबल और सुरक्षा इंतजामों का विस्तार से निरीक्षण किया।

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने रैन बसेरों में रह रहे लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी जानीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी रैन बसेरों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और बिस्तर व कंबल पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहें।

चिनहट बाजार और मिठाई वाले चौराहे पर बने अस्थायी रैन बसेरों के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीमें सक्रिय रहकर जरूरतमंद लोगों को रैन बसेरों तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी बेसहारा व्यक्ति ठंड में खुले आसमान के नीचे न सोने पाए।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रैन बसेरों का नियमित निरीक्षण जारी रखा जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम लखनऊ शहर में रहने वाले हर जरूरतमंद व्यक्ति को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ठंड के मौसम को देखते हुए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।