आशियाना में सड़क हादसे में मजदूर की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

लखनऊ। आशियाना इलाके में बुधवार रात हुए सड़क हादसे में एक मजदूर की गुरुवार दोपहर इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय राधेश्याम साहू के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात आशियाना इलाके में सड़क किनारे बनी झोपड़ियों के बाहर कुछ मजदूर आग ताप रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में आई 20 कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर झोपड़ी में जा घुसी थी।

हादसे में तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे,जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस द्वारा लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने राधेश्याम साहू की गंभीर स्थिति को देखते हुए  ट्रॉमा सेंटर में रेफर कर दिया था।गुरुवार दोपहर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

राधेश्याम साहू छत्तीसगढ़ के भैसा गांव के निवासी और पेशे से राज मिस्त्री थे। वह लखनऊ के सेक्टर-एच, आशियाना में रहकर काम कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी भेनेश्वरी साहू शामिल हैं। हादसे में घायल दिलीप और दुकालू का इलाज अभी भी अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे में शामिल कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, लेकिन चालक फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश के लिए टीमें गठित कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।