लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र के कनकहा निवासी अफसाना ने पति पर दहेज प्रताड़ना और तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार उसका विवाह छह साल पहले निगोहां थाना क्षेत्र के मीरानपुर निवासी आदिल खान से हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल पक्ष कम दहेज का आरोप लगाकर दो लाख रुपये मायके से लाने का दबाव बनाने लगे।
आरोप है कि दो माह पहले पति ने अफसाना के साथ मारपीट कर उसे उसकी मासूम बेटी समेत घर से निकाल दिया और रुपये लाने पर ही वापस आने की शर्त रखी। पीड़िता मायके में रहने लगी, जहां प्रताड़ना के कारण उसकी तबीयत भी बिगड़ गई।
बीते सोमवार शाम पति आदिल खान मायके पहुंचा और रुपये की मांग को लेकर विवाद करने लगा। परिजनों द्वारा असमर्थता जताने पर उसने उनके सामने ही तीन बार तलाक कहकर फरार हो गया।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी पति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।