लखनऊ। वरिष्ठ पत्रकार राघवेन्द्र तिवारी (45) का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह बीते एक वर्ष से कैंसर से जूझ रहे थे और लखनऊ के कल्याण कैंसर हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
अपने बेबाक लेखन और निडर पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले राघवेन्द्र तिवारी ने कठिन से कठिन समय में भी लोगों का हौसला बढ़ाया। उनके असामयिक निधन पर किसी को विश्वास नहीं हो पा रहा है कि पत्रकारिता जगत का यह सशक्त स्वर हमेशा के लिए शांत हो गया।
निधन की सूचना मिलते ही मोहनलालगंज एसडीएम पवन पटेल, एसीपी विकास कुमार पांडे, अतिरिक्त निरीक्षक रामबाबू सिंह, अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक पांडे सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, पत्रकार और क्षेत्रीय लोग उनके निज निवास पहुंचे और भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
दिवंगत पत्रकार अपने पीछे पत्नी मांडवी तिवारी और मासूम पुत्र सार्थक को छोड़ गए हैं। देर शाम परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार उन्नाव के शुक्लागंज घाट पर किया।
मोहनलालगंज पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक तिवारी और महामंत्री अखिलेश द्विवेदी ने इसे पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।