लखनऊ। प्रेस क्लब सरोजनीनगर के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ पत्रकार सुशील सिंह का गुरुवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से न केवल सरोजनीनगर बल्कि पूरे पत्रकारिता जगत में शोक की गहरी छाया छा गई है।
मूल रूप से उन्नाव जिले के हसनगंज क्षेत्र अंतर्गत भरहा गांव निवासी सुशील कुमार सिंह वर्तमान में सरोजनीनगर में रहकर पत्रकारिता कर रहे थे। उन्होंने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में निष्पक्षता, निर्भीकता और जिम्मेदार लेखन के माध्यम से एक अलग पहचान बनाई।
प्रेस क्लब सरोजनीनगर के अध्यक्ष पद पर रहते हुए उन्होंने संगठन को मजबूत आधार दिया और पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से प्रशासन व समाज के समक्ष रखा। उनके नेतृत्व में प्रेस क्लब की सक्रियता और एकजुटता को नई दिशा मिली।
उनके निधन की सूचना मिलते ही पत्रकार संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने गहरा दुख व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।