मीरा बिहार कॉलोनी को मिली नई सौगात, RCC रोड का हुआ लोकार्पण

लखनऊ। मीरा बिहार कॉलोनी में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक निधि से निर्मित 300 मीटर लंबी RCC सड़क का उद्घाटन बुधवार को विधिवत रूप से किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन 28 जनवरी 2026 को प्रातः 11 बजे किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य माननीय डॉ. लाल जी प्रसाद निर्मल उपस्थित रहे।

उद्घाटन के अवसर पर कॉलोनीवासियों ने माननीय सदस्य विधान परिषद का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. लाल जी प्रसाद निर्मल ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें न केवल आवागमन को सुगम बनाती हैं, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर को भी सुधारती हैं।

कॉलोनी अध्यक्ष रमेश राय ने माननीय अतिथि के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कॉलोनी की अन्य आवश्यकताओं की ओर भी ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने बच्चों के खेलने के लिए पार्क के विकास की मांग रखी, जिस पर माननीय सदस्य विधान परिषद ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में समाजसेवी मनोज वर्मा, कोषाध्यक्ष सत्येंद्र प्रसाद राय, उपाध्यक्ष मुकेश शुक्ला, महामंत्री रतन कुमार द्विवेदी, ऑडिटर नितेश सिंह, वीरेंद्र सिंह, अमित सिंह, गोपेश अवस्थी, अमर सिंह, अनिल वर्मा सहित बड़ी संख्या में कॉलोनी की महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

कॉलोनीवासियों ने RCC रोड के निर्माण को लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान के रूप में बताया और जनप्रतिनिधि के प्रति आभार जताया। उद्घाटन कार्यक्रम के साथ ही मीरा बिहार कॉलोनी में विकास कार्यों की नई उम्मीदें भी जागृत हुई हैं।