ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर बुजुर्ग से 5.80 लाख की साइबर ठगी

लखनऊ । ऑनलाइन ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग से 5.80 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले का खुलासा होने पर पीड़ित परिवार ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पीजीआई थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

रथिंद्र नगर, तेलीबाग निवासी अमित कुमार तिवारी के मुताबिक, उनके पिता सतीश कुमार तिवारी से साइबर ठगों ने ट्रेडिंग के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का दावा किया। शुरुआत में उन्हें निवेश पर लाभ दिखाकर भरोसा दिलाया गया। इसके बाद 15 जुलाई को अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई के माध्यम से करीब 5.80 लाख रुपये जमा करा लिए गए।

जब रकम जमा हो गई तो आरोपित लगातार 19 लाख रुपये और निवेश करने का दबाव बनाने लगे। संदेह होने पर पीड़ित ने लेनदेन रोक दिया और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के साथ पीजीआई थाने में तहरीर दी।

पीड़ित परिवार ने पुलिस को बैंक ट्रांजैक्शन का विवरण, मोबाइल नंबर, चैट और स्क्रीनशॉट सहित अन्य डिजिटल साक्ष्य उपलब्ध कराए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर साइबर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।