हेलमेट चालान के बाद बिजली विभाग की कार्रवाई, नगराम थाना समेत पुलिस चौकी और बूथ की बिजली काटी

नगराम। हेलमेट न पहनने पर संविदा बिजली कर्मी का ₹6,000 का चालान कटने के बाद नगराम क्षेत्र में पुलिस और बिजली विभाग के बीच तनातनी देखने को मिली। बकाया बिजली बिल का हवाला देते हुए बिजली विभाग के कर्मचारियों ने नगराम थाना, हरदोइया पुलिस चौकी और देवीखेड़ा पुलिस बूथ की विद्युत आपूर्ति काट दी।

जानकारी के अनुसार समेसी विद्युत उपकेंद्र के संविदा कर्मी अमरेंद्र लाइनमैनों के साथ नगराम-निगोहा मार्ग पर हाईटेंशन लाइन की पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान समेसी इंदिरा नहर पुल के पास पुलिस की वाहन चेकिंग चल रही थी। आरोप है कि हेलमेट नहीं पहनने पर दरोगा अनुज भाटी ने उनका ₹6,000 का चालान कर दिया।

चालान से नाराज बिजली कर्मचारियों ने नगराम थाना पर करीब ₹3.5 लाख तथा हरदोइया पुलिस चौकी और देवीखेड़ा पुलिस बूथ पर करीब ₹1.5-1.5 लाख के बकाया बिजली बिल का हवाला देते हुए तीनों स्थानों का बिजली कनेक्शन काट दिया। लाइनमैन दीपक सिंह के मुताबिक सोमवार शाम 6:18 बजे हरदोइया पुलिस चौकी की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई।

उधर, समेसी विद्युत उपकेंद्र के जूनियर इंजीनियर (जेई) आशीष कुमार ने बताया कि उन्हें थाना और पुलिस चौकियों की बिजली आपूर्ति काटे जाने की जानकारी नहीं है। वहीं, मामले को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।