लखनऊ। पीजीआई इलाके के शहीद पथ पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। वृंदावन योजना के पास तेज रफ्तार सफारी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डिवाइडर की लोहे की रेलिंग टूटकर कार में घुस गई और वाहन करीब 25 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, UP 32 AE 6497 नंबर की सफारी शहीद पथ पर तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर के बाद लोहे की रेलिंग उखड़कर कार के शीशे को तोड़ते हुए अंदर तक घुस गई। हादसे की भयावहता देखकर राहगीर भी दहशत में आ गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए मेदांता अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में चालक अमित कुमार वर्मा (36) समेत हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के ऑडिट अधिकारी आशीष कुमार और पीयूष कुमार घायल हुए हैं। सभी का इलाज चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
हादसे के चलते शहीद पथ पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और वाहनों की आवाजाही सामान्य कराई। वहीं क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।