उत्तर प्रदेश के युवा सितारे: वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग में स्वर्ण और रजत जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया

वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में गोल्ड और सिल्वर जीतकर बढ़ाया देश का गौरव

विद्यालय में बनेगा पावरलिफ्टिंग का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर उत्तर प्रदेश का परचम एक बार फिर ऊँचा हुआ है। समाज कल्याण विभाग के सर्वोदय विद्यालय इटौरा के दो खिलाड़ियों ने वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 में चमकदार प्रदर्शन करते हुए देश को स्वर्ण और रजत पदक दिलाए। इसी ऐतिहासिक सफलता पर समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण ने लखनऊ में विजेता खिलाड़ियों का सम्मान किया।

जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, इटौरा (आगरा) के दो खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रौशन किया। राज्यमंत्री असीम अरुण ने बुधवार को लखनऊ स्थित भागीदारी भवन में दोनों विजेताओं का सम्मान करते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत और विद्यालय की उत्कृष्ट खेल व्यवस्था का परिणाम है, जिसने उन्हें विश्वस्तरीय मंच पर प्रतिस्पर्धा करने योग्य बनाया।

 फोटो कैप्शन- (वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले छात्र और मंत्री ) 

28 से 30 नवंबर तक कोलंबो में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में विद्यालय के व्यायाम शिक्षक हरीश चंद्र ने 77 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर स्वर्णिम सफलता हासिल की। वहीं कक्षा 11 के छात्र रमन कुमार ने 56 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाया।

सम्मान समारोह में राज्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि यह जीत न केवल विद्यालय बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व की बात है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद राज्यमंत्री ने विद्यालय में पावरलिफ्टिंग का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि लगभग 10 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधा विकसित की जाएगी। इसमें उच्चस्तरीय उपकरण, पेशेवर प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों के लिए बेहतर पोषण सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। मंत्री ने कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से भविष्य में और भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी तैयार होंगे जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकें।

दोनों खिलाड़ियों का चयन गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ था, जहाँ उन्होंने न सिर्फ स्वर्ण पदक जीता बल्कि राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी स्थापित किया। उनकी इसी उपलब्धि ने उन्हें विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वॉलिफाई करने का मौका दिया।

सम्मान समारोह में समाज कल्याण उपनिदेशक आनंद कुमार सिंह, उपनिदेशक जे. राम और जिला समाज कल्याण अधिकारी घासी राम भी उपस्थित रहे।