निगोहां में क्रिकेट का महासंग्राम! प्रीमियम लीग सीज़न-2 की धुआंधार शुरुआत, 16 टीमों के बीच छिड़ी जबरदस्त टक्कर

माती और करोरा की टीमों ने दिखाया जलवा, निखिल मैन ऑफ द मैच; लाइव प्रसारण से दर्शकों में जबरदस्त उत्साह

लखनऊ। निगोहां के एसएनटी ग्राउंड पर शुक्रवार को निगोहां प्रीमियम लीग क्रिकेट टूर्नामेंट सीज़न–2 का शानदार शुभारंभ किया गया। लखनऊ और रायबरेली की कुल 16 टीमों ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन  खेल सलाहकार अनुराग भदौरिया, और सपा के प्रदेश सचिव अमर पाल सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों और दर्शकों  में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

पहला मुकाबला: माती की दमदार जीत

उद्घाटन के बाद पहला लीग मैच माती और बछरावां के बीच खेला गया। माती ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए बछरावां की टीम 14.3 ओवर में 115 रन पर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए माती की टीम ने 12.3 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 117 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए निखिल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरा मुकाबला: करोरा की तूफानी बल्लेबाजी

दिन का दूसरा मैच करोरा और एसएस निगोहां के बीच 12 ओवर का खेला गया। एसएस निगोहां ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 3 विकेट पर 130 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। करोरा की टीम ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए केवल 6 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

लाइव दिखाए जा रहे मैच

टूर्नामेंट के आयोजक शैलेंद्र सिंह दीपू ने बताया कि सभी मैचों का लाइव प्रसारण हो रहा है, जिससे क्षेत्र के खेल प्रेमी मोबाइल पर भी मैचों का आनंद ले रहे हैं।

अतिरिक्त कार्यक्रम और मौजूद अतिथि

उद्घाटन कार्यक्रम में एसएनटी इंटर कॉलेज के छात्र भी मौजूद रहे। इस दौरान अनुराग भदौरिया ने छात्रों से बातचीत की और उन्हें खेलों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

यह लोग भी रहे मौजूद

अमरेंद्र सिंह यादव (प्रबंधक, एसबीएन कॉलेज),अजय सिंह (पूर्व प्रधान निगोहां),नीशू मिश्रा (पूर्व प्रधान भगवानपुर),एडवोकेट अनूप प्रताप सिंह,एडवोकेट प्रिंश सिंह,कौशलेंद्र सिंह,विकास सिंह,नवीन मिश्रा,चंदन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।