रातों-रात गायब हुआ किसान का भूंसा, पिकअप में भरकर ले गए चोर

लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के दखिना गांव में अज्ञात चोरों ने एक किसान का भूंसा चोरी कर लिया। घटना में किसान को करीब 56 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

दखिना गांव निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि गांव के बाहर खेतों के पास एक प्लॉटिंग साइट के निकट उनके करीब पांच बीघा खेत का भूंसा रखा हुआ था, जिसकी कीमत लगभग 56 हजार रुपये थी। रविवार रात अज्ञात चोर पिकअप वाहन से पहुंचे और भूंसा भरकर फरार हो गए।

सोमवार सुबह जब वह खेत पहुंचे तो भूंसा गायब देख हैरान रह गए। इसके बाद उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक पिकअप वाहन में भूंसा ले जाते हुए देखा गया।

पीड़ित किसान ने निगोहां थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।