21 किलो लड्डुओं का केक, फूल-मालाओं की बारिश… निगोहां में ऐसा हुआ भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत

पूर्व जिलामंत्री अभय कान्त दीक्षित के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब, प्रदेश अध्यक्ष बोले- कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत

लखनऊ। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा का शुक्रवार को प्रतापगढ़ जाते समय निगोहां कस्बे में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पूर्व जिलामंत्री एवं प्रधान अभय कान्त दीक्षित के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छों के साथ उनका अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान पूरा क्षेत्र भाजपा के नारों से गूंज उठा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा अपने जन्मदिन के अवसर पर गृह जनपद प्रतापगढ़ जा रहे थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने 21 किलो लड्डुओं से तैयार विशेष केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया और दीर्घायु एवं सफल नेतृत्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में युवाओं की बड़ी भागीदारी रही और कई स्थानों पर उनका काफिला रोककर स्वागत किया गया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. रोहित मिश्रा ने कहा कि भाजपा का सबसे बड़ा आधार उसका समर्पित कार्यकर्ता है। युवा शक्ति के दम पर ही संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और आने वाले समय में बूथ स्तर तक संगठन को और सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं को विकास और नेतृत्व के नए अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने पूर्व जिलामंत्री अभय कान्त दीक्षित की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता संगठन की वास्तविक पूंजी हैं। संगठन ऐसे कार्यकर्ताओं के बल पर ही निरंतर आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र दीक्षित, पूर्व मंडल अध्यक्ष दीपू बाजपेयी, भाजपा नेता अभिषेक शुक्ला, प्रधान नीरज सिंह, प्रधान प्रतिनिधि आई.पी. सिंह, पूर्व प्रधान चंदन सिंह, प्रधान सूर्य कुमार द्विवेदी, मायाराम त्रिपाठी, काका तिवारी, मनीष चौधरी, ताहिर, शकील, निक्की बाजपेयी, अर्पित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।