थानों में अचानक पहुंचे DCP, रिकॉर्ड से लेकर साइबर हेल्प डेस्क तक जांची व्यवस्थाएं

लखनऊ । स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक ने शनिवार को निगोहां और नगराम थानों का अचानक निरीक्षण किया। बिना पूर्व सूचना पहुंचे डीसीपी ने थानों की व्यवस्थाएं परखीं और पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था के साथ आम लोगों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर दिशा-निर्देश दिए।

डीसीपी ने थाना परिसर, कार्यालय, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क और मेस का जायजा लिया। कार्यालय में अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई और रिकॉर्ड की अद्यतन स्थिति जांची। दोनों थानों में अभिलेख व्यवस्थित मिलने पर उन्होंने संतोष जताया। परिसर में प्रकाश व्यवस्था और फरियादियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं को भी देखा और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई

मिशन शक्ति केंद्र के निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था देखी। उन्होंने महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने को कहा। स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने पर भी जोर दिया।

 

साइबर ठगी से बचाव को लेकर जागरूकता

साइबर हेल्प डेस्क के रिकॉर्ड की जांच करते हुए डीसीपी ने शिकायतों का व्यवस्थित ब्योरा रखने और पीड़ितों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा। उन्होंने ग्रामीण इलाकों में साइबर ठगी से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए।

लंबित मामलों पर डीसीपी ने दिखाई सख्ती

डीसीपी ने आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा। शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने के साथ ही थानों में लंबित विवेचनाओं को गुण-दोष के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने को भी कहा।

उन्होंने क्षेत्र में लगातार गश्त करने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग बढ़ाने तथा यातायात नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत माल निस्तारण की कार्रवाई भी नियमानुसार समय से पूरी करने के निर्देश दिए।