लखनऊ। मोहनलालगंज ब्लॉक स्थित अटल बिहारी वाजपेई सभागार में सोमवार को पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला “विन्ध्येश्वरी” ने पत्रकारों को गुलदस्ता भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं। वे निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के माध्यम से आमजन की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) आशुतोष श्रीवास्तव ने कहा कि पत्रकार प्रशासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं। जनहित से जुड़े विषयों को उजागर कर वे शासन की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
वहीं अभिषेक शुक्ला “विन्ध्येश्वरी” ने अपने संबोधन में कहा कि निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता से ही समाज में पारदर्शिता और जागरूकता आती है, जिससे लोकतंत्र और अधिक सशक्त होता है।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्र चेतना अखबार के वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय राघवेंद्र तिवारी के हाल ही में लंबी बीमारी के बाद निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने उनके पत्रकारिता जीवन को याद करते हुए कहा कि स्वर्गीय राघवेंद्र तिवारी ने निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता के माध्यम से समाज को दिशा देने का कार्य किया, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवियों ने बताया कि मोहनलालगंज के विकास पुरुष ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला द्वारा ब्लॉक की प्रत्येक ग्राम पंचायत में सड़क, नाला, पेयजल हेतु वाटर कूलर सहित अनेक विकास कार्य कराए गए हैं, साथ ही धार्मिक स्थलों के सुंदरीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी कराए गए हैं।
इस अवसर पर निगोहा प्रेस क्लब के संरक्षक मुकेश द्विवेदी, अध्यक्ष विमल सिंह, बृजराज सिंह, अखिलेश द्विवेदी, आशीष द्विवेदी, मनोज यादव,देवांश शुक्ला, शिवा मिश्रा,सहित कई समाजसेवी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दिलीप मिश्र ने किया। अंत में सभी अतिथियों और पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
