लखनऊ। लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। सोमवार को संस्थान के एच.आर.एफ (HRF) परिसर में ही कैश बिलिंग काउंटर का शुभारंभ किया गया। अब मरीजों और उनके परिजनों को बिलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन काउंटर तक भटकना नहीं पड़ेगा, जिससे समय की बचत के साथ-साथ उपचार प्रक्रिया और अधिक सुगम होगी।
इस नए कैश बिलिंग काउंटर का उद्घाटन संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट द्वारा किया गया। उद्घाटन के अवसर पर निदेशक महोदय ने कहा कि एच.आर.एफ परिसर में कैश काउंटर शुरू होने से मरीजों एवं उनके परिजनों को भुगतान से जुड़ी प्रक्रियाओं में काफी सहूलियत मिलेगी। इससे न केवल सेवाएं अधिक सुचारु होंगी, बल्कि पारदर्शिता भी सुनिश्चित की जा सकेगी।

उन्होंने बताया कि यह पहल संस्थान में मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे कैंसर पीड़ितों को मानसिक व शारीरिक राहत मिलेगी।
उद्घाटन कार्यक्रम में एच.आर.एफ के इंचार्ज डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजेंद्र, चिकित्सा अधीक्षक डा. वरुण विजय, रजिस्ट्रार डा. आयुष लोहिया, वित्त अधिकारी श्री रजनीकांत वर्मा सहित संस्थान के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।