निगोहा के मस्तीपुर में बदली गंदगी की तस्वीर: कूड़े के ढेर की जगह बना स्वच्छ और आकर्षक स्थल

लखनऊ। निगोहा क्षेत्र के मस्तीपुर गांव में रविवार को एचडीएफसी बैंक के परिवर्तन कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता एवं सौन्दर्यीकरण अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य गांव में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और प्रदूषित स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाना था।

इस दौरान गांव के उस स्थान की विशेष सफाई कराई गई, जहां लंबे समय से खुले में कूड़ा डाला जा रहा था। सफाई के बाद स्थल को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया, जिससे आसपास का वातावरण भी बेहतर हुआ।

कार्यक्रम में एचडीएफसी बैंक के क्लस्टर हेड मनोज राय, साहस संस्था की प्रतिनिधि अमर प्रीत कौर, ग्राम प्रधान सूर्य कुमार द्विवेदी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर स्वच्छता अभियान में सहयोग किया और लोगों को खुले में कचरा न फेंकने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन की आधारशिला है और इसे बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। ग्रामीणों को कचरा प्रबंधन, स्वच्छता के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

ग्राम प्रधान सूर्य कुमार द्विवेदी ने कहा कि ग्राम पंचायत को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे। वहीं ग्रामीणों ने भी गांव में स्वच्छता बनाए रखने और कचरे का उचित निस्तारण करने का संकल्प लिया।