पीजीआई में दुकान के कर्मचारी ने ही गल्ले से उड़ाए डेढ़ लाख रुपये, पुलिस ने किया गिरफ्तार

दुकानदार की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा, आरोपी के पास से 34,210 रुपये और मोबाइल बरामद

लखनऊ। 

पीजीआई थाना क्षेत्र में दुकान के गल्ले से करीब डेढ़ लाख रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने दुकान के कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रिंस गुप्ता (20) निवासी नीलमथा, थाना कैंट के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 34,210 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर को दुकानदार दमन दीप सिंह पुत्र सरबजीत सिंह ने पीजीआई थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी दुकान पर काम करने वाला कर्मचारी प्रिंस गुप्ता गल्ले में रखी नकदी निकालकर ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई थीं। पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, मैनुअल जांच और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी प्रिंस गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।

गल्ले में रुपये देखकर बिगड़ी नीयत

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दुकान के गल्ले में रखे रुपये देखकर उसके मन में लालच आ गया था। इसके बाद उसने चोरी की योजना बनाई और गल्ले से करीब डेढ़ लाख रुपये निकालकर फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से 34,210 रुपये और तलाशी के दौरान एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए वैधानिक कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक पीजीआई सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम शामिल रही।