मंदिर जा रहे रिटायर्ड बुजुर्ग को ई-रिक्शा ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत

लखनऊ। आशियाना थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में रिटायर्ड बुजुर्ग की मौत हो गई। देवीखेड़ा के पास ई-रिक्शा की टक्कर से घायल हुए बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार पवनपुरी, देवीखेड़ा निवासी जितेंद्र नारायण सिंह (72) रविवार रात करीब 8 बजे घर से मंदिर पूजा के लिए निकले थे। घर से कुछ दूरी पर ही पीछे से आ रहे ई-रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें पीजीआई ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि मृतक सेना से सेवानिवृत्त थे। उनके परिवार में पत्नी शैल देवी और चार बेटे—राजेश, राकेश, रोहित और गुड्डू हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।