स्थापना दिवस पर जयपुरिया स्कूल में रौनक, पीपल बाबा का संदेश और छात्रों की अलग-अलग प्रस्तुतियाँ चर्चा में

लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल में शनिवार को 10वां स्थापना दिवस ‘ड्रीम डिकेड’ थीम के साथ मनाया गया। पर्यावरणविद् स्वामी प्रेम परिवर्तन (पीपल बाबा) समारोह के मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की शुरुआत चेयरमैन शिशिर जयपुरिया और मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलन कर की। इसके बाद शिव स्तुति से हुई।

प्राचार्या पूनम कोचिट्टी ने स्कूल की वार्षिक उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने शैक्षणिक प्रदर्शन, सह-शैक्षणिक गतिविधियों और नवाचार आधारित अधिगम से जुड़ी प्रमुख उपलब्धियाँ बताईं। चेयरमैन शिशिर जयपुरिया ने विद्यालय की प्रगति और विद्यार्थियों के समग्र विकास पर आधारित शिक्षा की दिशा पर बात की।

कार्यक्रम में वर्षभर विभिन्न स्तरों—विद्यालय, जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय—पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। ओलंपियाड, वाद-विवाद, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और तकनीकी नवाचार से जुड़े मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। स्कूल प्रशासन, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। मुख्य अतिथि पीपल बाबा ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ रही आकर्षण का केंद्र

छात्रों ने कई प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें अंग्रेज़ी नाटक कर्टेन रेज़र, सफरनामा, फोक फ्यूज़न, म्यूज़िकल ब्लास्ट और द व्हील्स ऑफ टाइम प्रमुख रहे। दस वर्षों में विद्यालय में हुए बदलाव और विकास को भी मंचीय प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया गया।

तकनीकी नवाचार की झलक

‘द डिगी इनोवेटर्स’ थीम के अंतर्गत छात्रों ने माइन्क्राफ्ट पर आधारित विद्यालय का डिजिटल मॉडल, छात्र-निर्मित रोबोट और AI–AR तकनीक से जुड़े प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने सराहा।कार्यक्रम का समापन ग्रैंड फिनाले और राष्ट्रगान के साथ हुआ। अंत में पंकज राठौर ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।

कार्यक्रम से जुड़ी कुछ तस्वीरें और वीडियो देखिये…..