कोहरे में हादसों पर लगेगा ब्रेक, टोल प्लाज़ा पर चला रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप अभियान

 

उन्नाव से विपिन दीक्षित की रिपोर्ट 

नवाबगंज, (उन्नाव) । कोहरे की शुरुआत के साथ नेशनल हाईवे पर सड़क हादसों की आशंका बढ़ने लगी है। कम दृश्यता के चलते टोल प्लाज़ा क्षेत्रों में पीछे से टक्कर लगने की घटनाएं सामने आती हैं। इसी को देखते हुए टोल प्लाज़ा प्रशासन ने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष सतर्कता अभियान शुरू किया है।

टोल प्लाज़ा प्रशासन के अनुसार कोहरे के दौरान टोल बूथ पर वाहन धीमी गति से चलते हैं, जबकि पीछे से आने वाले तेज रफ्तार वाहन समय पर नजर न आने से दुर्घटना का कारण बन जाते हैं। इस समस्या से निपटने के लिए सभी टोल प्लाज़ा ऑपरेटरों को निर्देश दिए गए हैं कि गुजरने वाले वाहनों के पीछे रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप लगाए जाएं, जिससे कोहरे में भी वाहन दूर से स्पष्ट दिखाई दे सकें।

अभियान के तहत टोल प्लाज़ा क्षेत्र में विचरण करने वाले गोवंश को भी सड़क हादसों से बचाने की पहल की गई है। सुझाव दिया गया है कि गोवंश के सींगों पर भी रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप लगाया जाए, ताकि कम विज़िबिलिटी में उनकी पहचान आसानी से हो सके।

इस पूरे अभियान की निगरानी टोल प्लाज़ा व्यवस्थापक इरफान शेख के नेतृत्व में की जा रही है। शिफ्ट प्रभारी राजीव कुमार यादव, वैलिडेटर मनीष द्विवेदी तथा पर्यवेक्षक अनुज यादव, चंद्रभान और रवी प्रताप अभियान को प्रभावी ढंग से लागू कराने में जुटे हुए हैं। टोल प्रशासन का कहना है कि यह अभियान कोहरे के पूरे मौसम के दौरान लगातार जारी रहेगा।