
पीलीभीत / लखनऊ। एनवायरमेंट वारियर्स अभियान के आठवें चरण के तहत मंगलवार को पिलीभीत टाइगर रिज़र्व क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय हुसैननगर, अमरिया में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह मुख्य अतिथि रहे, जिन्होंने विद्यालय में स्थापित स्मार्ट क्लास रूम का उद्घाटन किया। इस लोकार्पण के साथ ही डॉ. सिंह द्वारा अब तक 33 स्मार्ट क्लास रूम स्थापित किए जा चुके हैं।
डिजिटल शिक्षा का नया युग
डॉ. सिंह ने कहा कि स्मार्ट क्लास केवल कंप्यूटर या प्रोजेक्टर नहीं है, बल्कि यह बच्चों की कल्पनाशीलता, जिज्ञासा और सीखने की क्षमता को बढ़ाने का माध्यम है। अब बच्चे ब्लैकबोर्ड तक सीमित नहीं, बल्कि NASA के प्रयोग और IIT–Oxford के प्रोफेसरों से सीख सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा, “स्मार्ट क्लास बच्चों को पढ़ना ही नहीं, बल्कि सोचना, सवाल पूछना और उत्तर खोजने का साहस देती है। यह गरीब-अमीर और गांव-शहर की दूरी मिटाती है। हर स्मार्ट क्लास में छुपा है भविष्य का वैज्ञानिक, डॉक्टर या इनोवेटर; बस स्क्रीन जलानी है।”

पर्यावरण संरक्षण पर जोर
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सिंह ने वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता की सुरक्षा पर भी जोर दिया। उन्होंने ग्रामीणों से पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। बच्चों को स्टेशनरी और ग्रामीणों को कंबल वितरित कर प्रेरित किया गया।
हर विद्यालय में स्मार्ट क्लास का लक्ष्य
डॉ. सिंह ने कहा कि उनका सपना है कि हर विद्यालय डिजिटल संसाधनों से सुसज्जित हो और हर बच्चे तक आधुनिक शिक्षा पहुंचे। उन्होंने विद्यालयों के प्रबंधकों और प्राचार्यों को कार्यालय से संपर्क करने का खुला निमंत्रण दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य प्रबल प्रताप सिंह, चोखापुरी विद्यालय के प्राचार्य मुनीश पाठक, अध्यापिका हेमलता, ऋषिपाल सिंह, मो. अफसर, फराह जाफरी, चंद्रपाल और पूर्व प्रधान खेमकरण लाल उपस्थित रहे।