लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि बीती रात एक मजदूर के घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया गया। चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और कीमती जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए।
शुक्रवार सुबह जब पीड़ित को घटना की जानकारी हुई तो उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, हालांकि इस वारदात को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में नियमित रात्रि गश्त नहीं होने के कारण चोर बेखौफ होकर घटनाएं अंजाम दे रहे हैं।
बिजनौर थाना क्षेत्र के रहीमाबाद गांव निवासी मंसाराम गौतम, जो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं, गुरुवार को मकर संक्रांति के अवसर पर पत्नी के साथ चंद्रावल स्थित ससुराल गए थे। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जब वे वापस लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला।
घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरों में रखा सामान बिखरा हुआ था और संदूक का ताला भी टूटा हुआ मिला। पीड़ित के अनुसार संदूक में रखे लगभग दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने चोरी हो गए। इसके अलावा हजारों रुपये से भरा गुल्लक भी गायब मिला।
पुलिस के साथ की गई छानबीन में घर की छत पर टूटा हुआ गुल्लक मिला, लेकिन उसमें रखे करीब 5 हजार रुपये नकद नहीं मिले। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।