उन्नाव। नवाबगंज विकासखंड के सोहरामऊ अंतर्गत ग्राम गोरिंदा में ग्रामीणों की सेहत को ध्यान में रखते हुए एक निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
इस स्वास्थ्य शिविर में डॉ. विरोज खान, डॉ. गौरव, डॉ. अमित एवं डॉ. दीपशिखा सिंह ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए मरीजों की जांच की और उन्हें रोगों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। शिविर में सामान्य रोगों के साथ-साथ मौसमी बीमारियों की भी जांच की गई।

कार्यक्रम के सफल संचालन में मैनेजर हरिकृष्ण भरद्वाज, शिवांग मिश्रा तथा भाजपा बूथ अध्यक्ष समेत कई गणमान्य ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका रही। वहीं आयोजन के संरक्षक आशुतोष मिश्रा और पूर्व ग्राम प्रधान पवन के सहयोग से शिविर को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया गया।
निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा मिलने से ग्रामीणों में संतोष और उत्साह देखने को मिला। लोगों ने इस पहल को ग्रामीण क्षेत्र के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।