किडनी और लीवर की बीमारी से पीड़ित बंदी की केजीएमयू में मौत

लखनऊ। गोसाईगंज थाना क्षेत्र स्थित जिला कारागार में सजा काट रहे सिद्ध दोष बंदी की इलाज के दौरान मौत हो गई। जेल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, मृतक अवंतिका (66) पुत्र नागेश्वर, निवासी कूढ़ा, थाना मोहनलालगंज, हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। बंदी किडनी और लीवर से संबंधित गंभीर बीमारी से ग्रसित था। स्थिति बिगड़ने पर 1 दिसंबर को उसे जिला कारागार अस्पताल से बलरामपुर अस्पताल भेजा गया था, जहां अगले दिन हालत और नाज़ुक होने पर डॉक्टरों ने उसे केजीएमयू रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि अवंतिका को इससे पहले भी कई बार इलाज के लिए बलरामपुर अस्पताल भेजा जा चुका था। बुधवार रात करीब 8 बजे केजीएमयू में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के समय मृतक के परिजन भी अस्पताल में मौजूद थे।जेल प्रशासन व पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक 25 अप्रैल 2022 से जेल में बंद था।