प्रदेश सचिव पद पर राम प्रताप सिंह की नियुक्ति से संगठन में नई ऊर्जा,पदाधिकारियों ने दी बधाई

लखनऊ। श्री राजपूत करणी सेना ने संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राम प्रताप सिंह को प्रदेश सचिव नियुक्त किया है। पीजीआईए के  वृंदावन योजना में  स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में यह घोषणा औपचारिक रूप से की गई। बैठक में प्रदेश और जिला स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत पदाधिकारियों के स्वागत और संगठनात्मक समीक्षा के साथ हुई। इसके बाद सर्वसम्मति से राम प्रताप सिंह के नाम को मंजूरी दी गई। पदाधिकारियों ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपते हुए विश्वास जताया कि उनकी ऊर्जा और अनुभव से संगठन की गतिविधियों में नई ताकत और गति आएगी।

प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ‘दीपू’ ने कहा कि राम प्रताप सिंह लंबे समय से संगठन के प्रति समर्पित हैं और उनकी निरंतर सक्रियता ने उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त बनाया है। प्रदेश उपाध्यक्ष जितेन सिंह परिहार ने इसे संगठन को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।

 

युवा जिला अध्यक्ष अमर सिंह ने कहा कि नई पीढ़ी को संगठन से जोड़ने में राम प्रताप सिंह की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। वहीं महिला जिला अध्यक्ष किरण सिंह ने उम्मीद जताई कि संगठन में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने में भी उनका अहम योगदान रहेगा। प्रदेश उपाध्यक्ष अश्विनी सिंह और वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष विनीत सिंह ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व से संगठन और अधिक सक्रिय व मजबूत होगा।

घोषणा के दौरान कार्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में पहुंचे करणी सैनिकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ राम प्रताप सिंह का स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।