लखनऊ। विकासखंड मोहनलालगंज के ग्राम सचिवों ने बुधवार को साइकिल से ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर साइकिल भत्ते में बढ़ोतरी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। सचिवों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ती दूरी और बढ़ते खर्च के बावजूद उन्हें आज भी मात्र 200 रुपये साइकिल भत्ता मिलता है, जो वर्तमान समय की जरूरतों के हिसाब से बिल्कुल अपर्याप्त है।
समन्वय समिति के अध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह और पंचायत संघ की अध्यक्ष साधना रावत ने बताया कि ग्राम सचिवों को गांवों का नियमित भ्रमण करना होता है, लेकिन कम भत्ते के कारण उन्हें कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी मांग को प्रमुखता देते हुए सचिवों ने सामूहिक रूप से ब्लॉक पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद की।
सचिवों का साइकिल मार्च समन्वय समिति के अध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह, ग्राम पंचायत संघ की अध्यक्ष साधना रावत, महामंत्री वंदना शर्मा और ग्राम विकास अधिकारी संघ के अध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। सभी ग्राम विकास अधिकारी और पंचायत अधिकारी एकजुट होकर साइकिल के माध्यम से ब्लॉक पहुंचे और विरोध जताया।इतना ही नहीं, सचिवों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में भी साइकिल चलाकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया।
दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि समिति साइकिल भत्ता समाप्त किए जाने, ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली और अन्य विभागों के अतिरिक्त कार्य कराए जाने के विरोध में दस सूत्रीय मांगों को लेकर 1 दिसंबर से पूरे प्रदेश में क्रमिक सत्याग्रह आंदोलन चला रही है।
इस दौरान सचिव प्रतिभा शर्मा, अनीता मिश्रा, सुप्रिया गौतम, श्रुति अग्निहोत्री, दिव्या द्विवेदी, सुनीता पाल, सरला वर्मा, संजू राय, शशांक शुक्ला, मनोज वर्मा और केपी सिंह सहित कई ग्राम सचिव मौजूद रहे।
यह खबर भी पढ़े… नगर निगम की पॉलिथीन कार्रवाई को व्यापारियों ने बताया अवैध वसूली, सरोजनीनगर में आपात बैठक