लखनऊ। हजरतगंज इलाके में रविवार रात अधिवक्ताओं पर जानलेवा हमला हुआ। राजाजीपुरम राम विहार कॉलोनी निवासी शिवेंद्र प्रताप सिंह और उनके साथियों नवीन, कृष्णपाल और पीयूष राजपूत पर अंजान युवकों ने चाकू और पत्थरों से कई वार किए।
घटना उस समय हुई जब पीड़ित अधिवक्ता और उनके साथी रात करीब 1:30 बजे काम निपटाकर चाय पीने होटल पहुंचे। होटल के पास कुछ युवक एक शख्स की पिटाई कर रहे थे। पीड़ितों ने जब युवकों को रोकने की कोशिश की, तो आरोपी उनसे भिड़ गए और नवीन व कृष्णपाल पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं।
आरोप है कि आरोपितों ने शिवेंद्र और पियूष की सोने की चेन भी छीनकर भाग गए। पीड़ितों ने देर रात थाना हजरतगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
