साइबर ठगों ने घरेलू सामान का झांसा देकर युवती से ठग लिए 95 हजार रूपए

लखनऊ। पीजीआई कोतवाली क्षेत्र के  तेलीबाग इलाके में रहने वाली एक युवती से साइबर ठगों ने 95 हजार रुपए की ठगी की है। ठगों ने भाई के दोस्त होने का झांसा देकर युवती को ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने के लिए फंसाया।

पीड़ित शिप्रा गुप्ता ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस के मुताबिक, 16 नवम्बर को फेसबुक मैसेंजर के जरिए एक व्यक्ति ने खुद को संतोष नामक व्यक्ति बताया और कहा कि वह शिप्रा के भाई शांतनु अग्रहरी को जानता है। उसने घरेलू सामान सस्ते दामों में बेचने का झांसा देकर शिप्रा से 95,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।

संतोष ने पैक कर गाड़ी से सामान भेजने का दावा किया, लेकिन शाम तक सामान नहीं पहुंचा। जब शिप्रा ने फोन किया तो उसका मोबाइल बंद मिला और अब तक चैटिंग भी उसने डिलीट कर दी है।पीजीआई कोतवाली पुलिस और साइबर सेल ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।