चिनहट में मिठाई की दुकान में देर रात भीषण आग, दमकल की 8 गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

लखनऊ। चिनहट इलाके के मटियारी चौराहे पर मंगलवार देर रात अवस्थी स्वीट्स में भीषण आग लग गई। तेज लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा तीन मंजिला मकान धुएं और लपटों से भर गया।

सूचना मिलते ही दमकल की करीब 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। घना धुआं भरने से कई दमकल कर्मियों की सांसें फूलने लगीं, जिसके बाद टीम को ब्रीदिंग एपरेटस (बीए सेट) लगाकर अंदर जाना पड़ा।

दो लोग अंदर फंसे थे, खिड़कियां तोड़कर निकाला गया

नरेंद्र अवस्थी के इस तीन मंजिला मकान में नीचे अवस्थी स्वीट्स और अवस्थी जनरल स्टोर चलता है, जबकि ऊपर परिवार रहता है। घटना के समय मकान में केवल एक लड़का और एक बुजुर्ग मौजूद थे। बाकी परिवार एक शादी समारोह में गया था।

आग लगने के बाद धुआं पूरे घर में फैल गया और दोनों लोग अंदर फंस गए। फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम ने तुरंत खिड़कियां व दरवाजे तोड़कर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली कि कोई जनहानि नहीं हुई।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग, दूसरे मंजिल तक फैली

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग पहले भूतल पर लगी और कुछ ही मिनटों में दूसरे मंजिल तक फैल गई, जिससे घर का काफी सामान जलकर नष्ट हो गया।

धुआं निकालने में सबसे बड़ी चुनौती

आग मकान के मुख्य दरवाजे के पास लगी थी, जिससे अंदर घुसना मुश्किल हो गया था। पूरी इमारत में धुआं भर जाने के कारण दमकलकर्मियों को पहले सभी खिड़कियां तोड़नी पड़ीं। धुआं बाहर निकलने के बाद ही टीमें अंदर जा सकीं और पंपिंग शुरू की गई। आग बीच-बीच में दोबारा भड़कती रही, जिससे ऑपरेशन और कठिन हो गया।

मिर्च–मसाले की बोरियों और तेल के ड्रमों से बढ़ी परेशानी

किराना स्टोर में रखे ऑयल के ड्रम और मिर्च–मसाले की बोरियां भी आग की चपेट में आ गईं। इनके धुएं से दमकलकर्मियों को तेज खांसी और सांस लेने में दिक्कत होने लगी। कई फायरमैन ज्यादा देर तक फायर फाइटिंग नहीं कर पाए।एफएसओ ने तुरंत एक टीम को बीए सेट पहनाकर आग बुझाने में लगाया, तब जाकर हालात काबू में आए।

अयोध्या रोड पर भीषण जाम, रूट डायवर्जन लागू

दमकल की गाड़ियां पानी भरने के लिए बार-बार लौट रही थीं। इससे अयोध्या रोड पर लंबा जाम लग गया। वाहनों को जाम में फंसने से बचाने के लिए पुलिस ने तत्काल रूट डायवर्जन लागू किया और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्ग से निकाला। पानी टेल्को सहित अन्य स्थानों से मंगवाया गया।करीब 8 फायर टेंडरों और कई टीमों की लगातार कोशिश के बाद देर रात आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।