लखनऊ। बंथरा पुलिस ने एक युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने वाले आरोपी प्रिंस रावत को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, बंथरा थाना क्षेत्र में रहने वाली 26 वर्षीय युवती करीब दो वर्ष पहले सरोजनी नगर इलाके के एक स्कूल में नौकरी करती थी। उसी दौरान बंथरा के लाला खेड़ा मजरा रामचौरा निवासी प्रिंस रावत अपने दोस्त का एडमिशन कराने स्कूल पहुंचे। यहां उसने युवती से बातचीत के दौरान मोबाइल नंबर ले लिया और उनसे बातें करना शुरू किया।
धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने युवती से शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती के परिवार को इस बात की जानकारी हुई, तो बीती 31 जुलाई को दोनों पक्षों के बीच सुलह समझौता हुआ। इसमें आरोपी ने 15 दिनों के भीतर शादी करने का लिखित वादा किया था।
लेकिन आरोप है कि प्रिंस रावत ने शादी नहीं की। इसके बाद 60 दिन बीत जाने पर उसने युवती से शादी करने से मना कर दिया, और उल्टे युवती और उसके परिवार पर झूठे आरोप लगाना शुरू कर दिया। साथ ही, विक्रम हॉस्पिटल के पास संचालित अपनी इलेक्ट्रॉनिक दुकान भी बंद कर दी और वहीं रहने लगा।

इसके बाद परेशान पीड़िता के पिता ने 1 अक्टूबर को आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, और बाद में जानकारी मिली कि आरोपी गाजियाबाद में रह रहा है।
इसके बाद पुलिस ने गाजियाबाद जाकर थाना खोड़ा स्थित आजाद बिहार नियर लाल मंदिर खोड़ा कॉलोनी से प्रिंस रावत को गिरफ्तार किया और बंथरा ले आई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे सोमवार को जेल भेज दिया।