लखनऊ। पीजीआई पुलिस ने शादी समारोह से चोरी हुई मोटरसाइकिल को बरामद करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर थाने में पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं।
पीजीआई इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, अभिषेक एल्डिको उद्यान टू निवासी आशीष मसीह ने तहरीर दी थी कि वह मिलेनियम पैलेस, वृंदावन योजना में एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान उनकी यामाहा मोटरसाइकिल अज्ञात चोर उड़ा ले गए।
सूचना पर तुरंत सक्रिय हुई पुलिस टीम ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान तेज किया। रविवार को ब्लीसफुल बैंक्वेट लॉन के सामने, डिफेंस एक्सपो ग्राउंड के पास संदेह के आधार पर एक युवक को रोका गया। तलाशी में उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तार युवक ने अपना नाम अभिषेक तिवारी, निवासी मीरकनगर, थाना निगोहा, लखनऊ बताया। पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि वह वाहन चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहा है।