
लखनऊ। मोहनलालगंज कस्बे के सत्याशिव रिजॉर्ट्स में भाजपा मंडल की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा जिला उपाध्यक्ष हंसराज रावत ने पार्टी कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र और मिठाई भेंटकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता मोहनलालगंज मंडल अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह मोनू ने की। इसमें मंडल के सेक्टर अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों और बूथ संयोजकों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई और आगामी कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि हंसराज रावत ने कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत, निष्ठा और जनता के बीच सक्रियता से ही संगठन मजबूत होता है। उन्होंने सभी से आपसी तालमेल बनाए रखने और संगठन की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
वहीं, मंडल अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह मोनू ने मंडल स्तर पर संगठन को सक्रिय बनाए रखने और बूथ अध्यक्षों एवं संयोजकों की जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने पर जोर दिया। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने भी संगठन की मजबूती के लिए मिलकर काम करने की बात कही।
इस मौके पर मंडल प्रभारी जितेंद्र लोधी, निगोहां के पूर्व मंडल अध्यक्ष आशुतोष शुक्ला, महेश शुक्ला, उत्तम, मीडिया प्रभारी आशीष द्विवेदी और विजय चंद्र तिवारी समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।