रायबरेली रोड पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के फुलवरिया मोड़ पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, हरदोई जनपद के रेलवेगंज निवासी आशुतोष मिश्रा गुरुवार सुबह अपनी वैगनआर कार (UP 32 MB 5818) से रायबरेली की ओर से लखनऊ आ रहे थे। सुबह करीब छह बजे फुलवरिया मोड़, रायबरेली रोड पर उनकी कार को किसी अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल आशुतोष को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोहनलालगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रामा सेंटर, पीजीआई रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी नीलम की लिखित शिकायत के आधार पर मोहनलालगंज थाने में  अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना करने वाले ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।