लखनऊ। आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने और टेली-लॉ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति, चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता राज्य समन्वयक वागीश सिंह ने की। उन्होंने कहा कि टेली-लॉ योजना ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके घर के निकट विधिक परामर्श उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम बन चुकी है। उन्होंने अधिकारियों, पैनल अधिवक्ताओं और सीएससी संचालकों से योजना के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ ही पात्र लाभार्थियों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

बैठक में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए टेली-लॉ के पैनल अधिवक्ताओं के साथ जिले के 90 से अधिक सीएससी केंद्र प्रभारी भी उपस्थित रहे। इस दौरान योजना के बेहतर संचालन और अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में मौजूद योगेश मिश्रा ने कहा कि तकनीक के माध्यम से न्याय तक पहुंच को आसान बनाना वर्तमान समय की आवश्यकता है। उन्होंने टेली-लॉ योजना के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों और हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों की संख्या, योजना के क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए जमीनी स्तर पर योजना को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि टेली-लॉ योजना के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और विधिक सहायता की सुविधा पहुंचाने के लिए सभी संबंधित पक्ष मिलकर कार्य करेंगे। :::