लखनऊ। उत्तर प्रदेश ने बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। शनिवार रात 10:39 बजे प्रदेश में 31,804 मेगावाट की रिकॉर्ड पीक डिमांड को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इसे देश के किसी भी राज्य द्वारा अब तक की सबसे अधिक विद्युत आपूर्ति बताया जा रहा है।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने इस उपलब्धि को प्रदेश की ऊर्जा व्यवस्था के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हर घर, गांव और शहर तक निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाना है। इसी दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि निर्धारित रोस्टर से आगे बढ़कर प्रदेश में व्यापक स्तर पर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी 22 से 22.5 घंटे तक बिजली उपलब्ध कराई गई, जिससे किसानों, व्यापारियों, उद्योगों और आम जनता को बड़ी राहत मिली है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि कुछ लोग प्रदेश की बिजली व्यवस्था को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास करते हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि उत्तर प्रदेश आज देश में सबसे अधिक बिजली उपलब्ध कराने वाला राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि तकनीकी, प्राकृतिक अथवा अन्य कारणों से कहीं-कहीं स्थानीय व्यवधान उत्पन्न हो सकते हैं, लेकिन उन्हें दूर करने के लिए बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लगातार कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में दिन-रात काम कर रहे विद्युतकर्मियों का मनोबल बढ़ाया जाए, क्योंकि वे कठिन परिस्थितियों में भी उपभोक्ताओं तक बेहतर बिजली सुविधा पहुंचाने में जुटे हैं।