नए घर में गृह प्रवेश से पहले उठी अर्थी, पत्थर के टुकड़े से फिसली स्कूटी और चली गई जान

लखनऊ। पीजीआई क्षेत्र के तेलीबाग स्थित शनिदेव मंदिर के पास रहने वाले 40 वर्षीय व्यक्ति की शुक्रवार रात सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। स्कूटी के नीचे पत्थर का टुकड़ा आने से वाहन अनियंत्रित होकर फिसल गया। हादसे में सीने में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मूल रूप से जौनपुर निवासी सुरेश पाल उन्नाव जिला अस्पताल में ऑडियोलॉजिस्ट के पद पर तैनात थे। वह पत्नी श्वेता और चार वर्षीय बेटी के साथ तेलीबाग स्थित शनिदेव मंदिर के पास सब्जी मंडी क्षेत्र में रहते थे।

बहनोई लालचंद्र पाल ने बताया कि सुरेश वृंदावन कॉलोनी के सेक्टर-19 में अपना मकान बनवा रहे थे। हाल ही में मकान की छत पड़ी थी और परिवार नए घर में शिफ्ट होने की तैयारी कर रहा था। शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह गेट में लगाने के लिए प्राइमर लेकर निर्माणाधीन मकान की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान पासी चौराहे के पास स्कूटी के नीचे पत्थर का टुकड़ा आ गया। इससे स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई और सुरेश सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार सुरेश ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन हादसे में उनके सीने में गंभीर चोट लगी थी। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और मासूम बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में जल्द गृह प्रवेश की तैयारी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।