लखनऊ। कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान के पब्लिक हेल्थ विभाग द्वारा शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टुडियागंज में स्तन कैंसर जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और आमजन को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक करना तथा समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में सीएचसी टुडियागंज की अधीक्षक डॉ. गीतांजलि सिंह, संस्थान के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आयुष लोहिया, नर्सिंग ऑफिसर प्रिया सचान एवं कशिश कश्यप सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
इस दौरान महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रमुख जोखिम कारकों, शुरुआती लक्षणों और समय पर जांच की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि स्तन या बगल में गांठ होना, स्तन के आकार या आकृति में बदलाव, निप्पल से असामान्य स्राव या रक्तस्राव, त्वचा में सिकुड़न या लालिमा तथा निप्पल का अंदर धंसना स्तन कैंसर के संभावित लक्षण हो सकते हैं। उन्होंने बिना दर्द वाली गांठ को भी नजरअंदाज न करने की सलाह दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. आयुष लोहिया ने कहा कि समय पर पहचान और सही जानकारी से स्तन कैंसर के इलाज के परिणामों में काफी सुधार संभव है। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने पर जोर दिया।
नर्सिंग ऑफिसर कशिश कश्यप और प्रिया सचान ने महिलाओं की स्क्रीनिंग करते हुए उन्हें आगे बढ़कर स्तन कैंसर की जांच कराने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को कैंसर से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और शुरुआती अवस्था में जांच कराने के लिए जागरूक किया गया।