करणी सेना ने बढ़ाया संगठन का कुनबा, मुकेश द्विवेदी समेत कई नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी

लखनऊ। पीजीआई क्षेत्र स्थित वृंदावन योजना में शुक्रवार को श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश कार्यालय में सवर्ण प्रकोष्ठ के गठन एवं संगठन विस्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रदेश और जिला स्तर पर कई नई नियुक्तियों की घोषणा की गई।

कार्यक्रम में पत्रकार मुकेश द्विवेदी को उत्तर प्रदेश मीडिया प्रभारी, दिलीप मिश्रा को प्रदेश महामंत्री, दिवाकर शुक्ला ‘देवा’ को प्रदेश उपाध्यक्ष और सत्येन्द्र मिश्रा को लखनऊ जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई जिम्मेदारी मिलने पर सभी पदाधिकारियों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया और शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ‘दीपू’ ने कहा कि श्री राजपूत करणी सेना समाज और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए लगातार सक्रिय है। उन्होंने कहा कि संगठन में शामिल किए गए नए पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठा के साथ निर्वहन करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाएंगे। साथ ही उन्होंने गांव-गांव तक संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया।

 

वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष विनीत सिंह ने कहा कि संगठन लगातार युवाओं और समाज के जागरूक लोगों को जोड़ते हुए आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी संगठन की विचारधारा को मजबूती देने के साथ समाज के हर वर्ग के लिए कार्य करें।

प्रदेश संगठन मंत्री विकास सिंह ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत अनुशासन और समर्पण है। उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज की समस्याओं को मजबूती से उठाने के लिए संगठन निरंतर कार्य कर रहा है और आने वाले समय में प्रदेशभर में विस्तार अभियान और तेज किया जाएगा।

नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री दिलीप मिश्रा ने संगठन नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है उसका पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करेंगे। वहीं उत्तर प्रदेश मीडिया प्रभारी बनाए गए मुकेश द्विवेदी ने कहा कि संगठन की गतिविधियों और समाज हित के कार्यों को मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष दिवाकर शुक्ला ‘देवा’ ने कहा कि संगठन के विस्तार के लिए युवाओं को जोड़ने और सामाजिक एकता को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिला उपाध्यक्ष लखनऊ बनाए गए सत्येन्द्र मिश्रा ने कहा कि जिले में संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए पूरी मेहनत से कार्य करेंगे।

कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष विनीत सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, प्रदेश महामंत्री नामवर सिंह, भोला सिंह, जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष राहुल सिंह समेत बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन संगठन की मजबूती और समाज सेवा के संकल्प के साथ हुआ।