लखनऊ। मोहनलालगंज इलाके के हरकंशगढ़ी इलाके में पुल बनने के बावजूद लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल तो बनकर तैयार हो गया, लेकिन उससे जोड़ने वाला रास्ता नहीं बनाया गया। ऐसे में बीते करीब छह महीनों से आवागमन बड़ी समस्या बना हुआ है।
इस क्षेत्र में बसे लोगों के साथ-साथ हरकंशगढ़ी और डालौना गांव के ग्रामीणों को अब कई किलोमीटर घूमकर आना-जाना पड़ रहा है। पहले जर्जर पुल परेशानी की वजह था, लेकिन अब नया पुल होने के बाद भी हालात नहीं सुधरे हैं।

खतरे के बीच सफर करने को मजबूर लोग
रास्ता न होने के कारण कई लोग हाईवे पर उल्टी दिशा में चलने को मजबूर हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए यह स्थिति और ज्यादा जोखिम भरी हो गई है, क्योंकि उन्हें रोज लंबा और असुरक्षित रास्ता तय करना पड़ रहा है।
कई बार शिकायत, फिर भी समाधान नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।

अब आंदोलन की तैयारी
स्थानीय निवासियों ने साफ कहा है कि अगर जल्द ही रास्ता नहीं बनाया गया तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
पुलिस को भी पड़ रहा असर
इस समस्या का असर पुलिस पर भी पड़ रहा है। किसी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस को भी लंबा रास्ता लेकर मौके तक पहुंचना पड़ता है, जिससे प्रतिक्रिया में देरी हो जाती है।