मन को रीसेट कर आगे बढ़ें—युवाओं को मिला मोटिवेशनल संदेश

लखनऊ। पीजीआई इलाके के वृंदावन योजना, सेक्टर-6बी स्थित दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के तत्वावधान में रविवार को  “रीसेट एवं रीस्टार्ट” विषय पर एक प्रेरणादायक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के सूत्र सीखे।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मानसिक तनाव, नकारात्मक विचारों और जीवन की चुनौतियों से उबरकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। वक्ताओं ने सरल उदाहरणों के जरिए समझाया कि जैसे किसी मशीन में गड़बड़ी होने पर उसे रीसेट किया जाता है, वैसे ही जीवन में भी नकारात्मकता बढ़ने पर मन को रीसेट करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि बीती गलतियों को लेकर बैठना समाधान नहीं है, बल्कि उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना ही सफलता का सही रास्ता है। सत्र में यह भी बताया गया कि असफलताओं के बाद नई ऊर्जा, स्पष्ट सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ फिर से शुरुआत करना जरूरी होता है।

कार्यक्रम में मौजूद प्रतिभागियों ने कार्यशाला को बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनने और अपने लक्ष्य की ओर बेहतर तरीके से आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।

कार्यक्रम के सफल संचालन में युवा परिवार सेवा समिति के करण, शुभांकर, हरि, अनीश और पुष्पेंद्र की अहम भूमिका रही। समापन अवसर पर प्रेरणादायक म्यूजिकल बैंड और स्किट की प्रस्तुति दी गई। संस्थान की प्रवक्ता साध्वी रितु भारती ने युवाओं से ऐसे आध्यात्मिक और प्रेरक आयोजनों से नियमित रूप से जुड़ने का आह्वान किया।