लखनऊ । मोहनलालगंज कस्बे में पांडे बिल्डिंग, शशि फिलिंग स्टेशन के पास स्थित एक मॉडल शॉप में देर रात चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। उन्नाव जनपद के मियागंज निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वह अपने भाई अंजनि के साथ उक्त दुकान में कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं।
रविवार की रात दुकान बंद करने के बाद दोनों भाई रोज की तरह अंदर ही खाना खाकर सो गए थे। तड़के करीब 3:11 बजे अचानक कुछ आवाज सुनाई दी, जिससे उनकी नींद खुल गई। जब उन्होंने उठकर देखा तो एक नकाबपोश युवक दुकान के अंदर घुसकर सामान खंगालते हुए चोरी करने की कोशिश कर रहा था। यह देख दोनों भाइयों ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन युवक तुरंत भाग निकला।

बताया जा रहा है कि दुकान के बाहर पहले से ही एक बाइक पर उसके दो साथी मौजूद थे, जो उसका इंतजार कर रहे थे। नकाबपोश युवक बाहर निकलते ही अपने साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें आरोपियों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं।
घटना के बाद अंजनि ने तुरंत अपने अनुज्ञापी (दुकान मालिक) को सूचना दी और इसके बाद मोहनलालगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही हैं।