ज्वेलर्स की दुकान में सेंध, खिड़की-दरवाजा तोड़कर घुसे चोर; CCTV में कैद हुई वारदात

लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के खुजौली चौराहे के पास स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में शनिवार रात चोरों ने सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। घटना की जानकारी रविवार सुबह दुकानदार को ऑनलाइन सीसीटीवी कैमरा चेक करने पर हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

जानकारी के मुताबिक खुजौली निवासी सचिन साहू नगराम रोड पर श्री राम ज्वेलर्स के नाम से दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह करीब छह बजे जब उन्होंने मोबाइल से ऑनलाइन कैमरे चेक किए तो दुकान के अंदर लगा दरवाजा खुला दिखाई दिया।

शक होने पर वह तुरंत दुकान पहुंचे तो देखा कि चोर दुकान के पीछे लगी खिड़की और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे थे और दुकान के अंदर रखा कुछ  सामान भी चोरी कर ले गए । हालांकि दुकानदार के अनुसार दुकान में रखा लॉकर सुरक्षित मिला है।

सूचना पर पहुंची मोहनलालगंज पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दुकानदार की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

CCTV में कैद हुई वारदात

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों की पूरी गतिविधि कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।