लखनऊ में ‘नारी शक्ति’ का सम्मान, 7 जिलों की 52 महिलाएं हुईं सम्मानित

लखनऊ।  मोहनलालगंज के डीएलएफ गार्डन सिटी में स्थित लखनऊ पब्लिक स्कूल, (डीएलएफ शाखा) में रविवार को “नारी शक्ति सम्मान” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर लखनऊ सहित आसपास के कई जिलों की विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 52 महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद डॉ. एस.पी. सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ कांति सिंह, सुशील कुमार और जनरल मैनेजर हर्षित सिंह ने महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस मौके पर “महिला सशक्तिकरण एवं वित्तीय साक्षरता” विषय पर एक पैनल चर्चा भी आयोजित की गई। चर्चा में कानपुर से आईं डॉ. प्रो. दिव्या चौधरी, लखनऊ विश्वविद्यालय की प्रोफेसर अमिता कनौजिया, हेरिटेज फैशन डिजाइनर आसमा हुसैन, चार्टर्ड अकाउंटेंट रुचि कपूर, आर्टिस्ट समीना खान, समाजसेवी वर्षा वर्मा, एडवोकेट श्रुति दीक्षित, फैसिलिटेटर ग्रेस अरुण और डॉ. प्रतिभा सचान ने महिलाओं की आत्मनिर्भरता, अधिकारों और वित्तीय जागरूकता पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित कवि सम्मेलन में ओज कवि शिवकुमार व्यास, हास्य कवि डॉ. रसिक गुप्ता, डॉ. हरि नारायण उपाध्याय, प्रमोद पंकज और विकास बौखल ने अपनी कविताओं से उपस्थित लोगों का खूब मनोरंजन किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करना और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।