लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम नशे में धुत एक युवक ने जमकर हंगामा करते हुए पिंक बूथ में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक को काबू में किया और उसकी कार समेत थाने ले गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब पांच बजे बंथरा थाने से लगभग 200 मीटर दूर कानपुर रोड पर टीवीएस एजेंसी के सामने बने पिंक बूथ के पास एक कार सवार युवक काफी देर से इधर-उधर घूम रहा था। अचानक उसने बूथ के बाहर रखा कूलर पलट दिया और ईंट-पत्थरों से खिड़की के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद उसने बूथ के दरवाजे को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि उस समय पिंक बूथ पर महिला सिपाही श्वेता तैनात थीं। वह अपने पति के साथ बाहर आईं और युवक को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि युवक उनसे उलझ गया और अभद्रता करते हुए मारपीट करने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह उनसे भी भिड़ गया।
सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक बंथरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर युवक और उग्र हो गया तथा पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और हाथापाई करने लगा। इस दौरान उसने एक पुलिसकर्मी की वर्दी तक फाड़ दी।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को काबू में कर लिया और उसकी कार (UP-65HT-5769) समेत थाने ले गई। पूछताछ में उसकी पहचान वाराणसी के कैंट क्षेत्र स्थित फुलवरिया निवासी राजा भारती के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक युवक शराब के नशे में था। नशा उतरने के बाद उससे घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जाएगी।