लखनऊ। आलमबाग थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए गांजा बेचने वाली एक शातिर महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 750 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर उसे शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
इंस्पेक्टर आलमबाग सुभाष ने बताया कि चौकी मवैया प्रभारी धीरज यादव, उप निरीक्षक अभिनन्दन अग्रहरि, कांस्टेबल मनजीत देशवाल, महिला कांस्टेबल अंजली सिंह और रूपाली के साथ संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चेकिंग अभियान के तहत गश्त पर थे। इसी दौरान रेलवे की छोटी लाइन से कैब-वे कट के पास एक महिला संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी।
पुलिस टीम ने जब महिला को रोककर तलाशी ली तो उसके पास से 750 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में महिला ने अपना नाम रेनू रावत बताया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला चौकी मवैया और आसपास के थाना क्षेत्रों में घूम-घूमकर अवैध गांजा बेचने का काम कर रही थी और इसी से आर्थिक लाभ अर्जित कर रही थी।
थाना आलमबाग पुलिस ने आरोपी महिला को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।